ग्राम पंचायत काम में आयोजित स्वामित्व योजना शिविर का कलेक्टर ने किया अवलोकन
ग्रामीणों से किया संवाद, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के दिए निर्देश

सिंगरौली। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने जनपद पंचायत बैढ़न की ग्राम पंचायत काम में आयोजित स्वामित्व योजना शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर स्वामित्व योजना के संबंध में उनकी जानकारी एवं अनुभव जाने तथा उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए की जा रही कार्यवाही का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित मैदानी अमले को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को लाभ उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी पात्र प्रकरणों का तत्परता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं एवं शासन की योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से मिलना चाहिए। मैदानी अमला अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे और ग्रामीणों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करे।
स्वामित्व योजना ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में निवासरत लोगों को उनकी संपत्ति का विधिवत अधिकार प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क रजिस्ट्री के माध्यम से संपत्ति का कानूनी दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को अपने गांव में ही रजिस्ट्री की सुविधा मिल रही है, जिससे उन्हें आवश्यक कार्यवाही के लिए दूरस्थ कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते तथा समय और संसाधनों की बचत होती है।इस दौरान अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, तहसीलदार राजेन्द्र बंसल, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













