देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नशे के कारोबार से अर्जित 23.86 लाख की संपत्ति फ्रीज, सोनभद्र पुलिस की कार्रवाई

शक्तिनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत की कार्रवाई, जिले में अब तक 6 मामलों में 5.56 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त या फ्रीज

सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनभद्र पुलिस ने शक्तिनगर थाना क्षेत्र के एक आरोपी की 23.86 लाख रुपये मूल्य की आवासीय संपत्ति फ्रीज की है। पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि से खरीदी गई थी। इस कार्रवाई के साथ ही जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 6 मामलों में कुल 5 करोड़ 56 लाख 25 हजार 695 रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज की जा चुकी है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, शक्तिनगर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 20/2026 में आरोपी दीपक कुमार भारती, निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा की आवासीय संपत्ति को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज किया गया है। इस संबंध में फ्रीजिंग आदेश 21 अक्टूबर 2026 को जारी हुआ था, जबकि 24 अक्टूबर को संपत्ति पर आदेश का नोटिस चस्पा किया गया। पुलिस ने बताया कि आदेश को भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के सक्षम प्राधिकारी एवं न्यायनिर्णायक प्राधिकारी, नई दिल्ली ने भी अनुमोदित किया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अनपरा और शक्तिनगर थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2019 में अनपरा थाने में मारपीट और धमकी सहित अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।

6 मामलों में 5.56 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, जिले में संपत्ति जब्ती और फ्रीजिंग की कार्रवाई के तहत रॉबर्ट्सगंज थाने के 2 मामलों में 4.51 करोड़ रुपये से अधिक, अनपरा के एक मामले में 26.62 लाख रुपये, शक्तिनगर के दो मामलों में कुल 39.58 लाख रुपये और म्योरपुर के एक मामले में 38.83 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।

सोनभद्र पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों और उनसे संबंधित संपत्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button