बैढ़न में ओमराज फेस एवं डेंटल क्लिनिक का सांसद ने किया शुभारंभ
चेहरे, दांत, जबड़े से लेकर हेयर ट्रांसप्लांट तक की मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से मरीजों को मिलेगी राहत

सिंगरौली -जिले में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल हुई है। बैढ़न में कृषि मंडी के पीछे जिला पंचायत रोड बिलौजी स्थित ओमराज फेस एवं डेंटल क्लिनिक एंड हेयर ट्रांसप्लांट सेंटर का रविवार 22 नवंबर को भव्य शुभारंभ किया गया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने फीता काटकर क्लिनिक का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, प्रशासनिक अधिकारियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।
उद्घाटन समारोह में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप चौबे, युवा भाजपा नेता संजय दुबे, युवा नेता पुनीत शुक्ला, सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर तथा बैढ़न थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी सहित अन्य अतिथि शामिल हुए। अतिथियों ने क्लिनिक के शुभारंभ पर चिकित्सकों को बधाई देते हुए कहा कि जिले में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होना आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं
क्लिनिक में दंत चिकित्सा, डेंटल इंप्लांट, चेहरे एवं जबड़े से संबंधित समस्याओं के उपचार के साथ हेयर ट्रांसप्लांट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां डॉ. ओम जायसवाल दंत एवं मुख रोग विशेषज्ञ तथा डेंटल इंप्लांट सर्जन के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। वहीं डॉ. राज जायसवाल चेहरे एवं जबड़े के विशेषज्ञ और हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन के रूप में मरीजों का उपचार करेंगे।
दूसरे शहरों पर निर्भरता होगी कम
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से जिले के लोगों को दांत, चेहरे, जबड़े और बालों से संबंधित उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ कम करनी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को समय और यात्रा की परेशानी से भी राहत मिलने की उम्मीद है।













