बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

OLX पर सस्ता सामान खरीदने का लालच पड़ सकता है भारी, साइबर ठगों से रहें सावधान

इंदौर में मोबाइल खरीदने के नाम पर 61,000 रुपये की ठगी, सिंगरौली पुलिस ने खरीदारों और दुकानदारों से सतर्क रहने की अपील की

सिंगरौली। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सस्ता सामान खरीदने की चाहत लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना सकती है। ओएलएक्स सहित अन्य ऑनलाइन खरीद-बिक्री प्लेटफॉर्म पर साइबर अपराधी खरीदारों और दुकानदारों दोनों को विश्वास में लेकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में इंदौर में मोबाइल खरीदने के नाम पर 61,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर बताकर ग्राहक और दुकानदार दोनों को गुमराह किया तथा अपने बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करा ली। इंदौर क्राइम ब्रांच की कार्रवाई से पीड़िता को 45,000 रुपये वापस दिलाए गए।

ऐसी घटनाओं को देखते हुए सिंगरौली पुलिस ने जिलेवासियों, विशेषकर ऑनलाइन खरीदारी करने वाले नागरिकों और व्यापारियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी ऑनलाइन सौदे में भुगतान करने से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और उसकी विश्वसनीयता की पुष्टि जरूर करें।

ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

आकर्षक ऑफर और बाजार मूल्य से बहुत सस्ते सामान के लालच में न आएं।

खरीद-बिक्री से पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और विश्वसनीयता की जांच करें।

सामान देखे और उसकी गुणवत्ता जांचे बिना अग्रिम भुगतान न करें।

किसी मध्यस्थ या अनजान व्यक्ति के कहने पर तीसरे व्यक्ति के बैंक खाते अथवा यूपीआई आईडी पर रकम न भेजें।

दुकानदार भुगतान मिलने की पुष्टि अपने बैंक खाते में स्वयं करें। केवल भुगतान के स्क्रीनशॉट पर भरोसा न करें।

पैसे प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने या यूपीआई पिन दर्ज करने की जरूरत नहीं होती।

संदिग्ध लिंक, फर्जी भुगतान अनुरोध और अनजान व्यक्ति की ओर से भेजी गई एपीके फाइल से सावधान रहें।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

सिंगरौली पुलिस ने कहा है कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें।

पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों को आगाह किया है कि ऑनलाइन सौदों में भरोसा करने से पहले सत्यापन और भुगतान से पहले पूरी जांच जरूरी है। थोड़ी सी सतर्कता बड़ी आर्थिक क्षति से बचा सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button