मध्य प्रदेशसिंगरौली

चार माह से राशन न मिलने पर भड़के ग्रामीण

मुख्य मार्ग पर लगाया जाम, प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कराया बहाल

सिंगरौली। नौगढ़ क्षेत्र में उचित मूल्य दुकान की अनियमितताओं से नाराज़ ग्रामीणों ने शुक्रवार की दोपहर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटेदार बृजेश कुमार साह पिछले चार महीनों से उन्हें राशन नहीं दे रहे हैं, जबकि अंगूठा लगवाकर राशन जारी दिखा दिया जाता है।ग्रामीणों ने बताया कि लगातार अनियमितता के चलते परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट उत्पन्न हो गया है। गुस्साए सैकड़ों ग्रामीण बैढ़न-परसोना मुख्य मार्ग पर उतर आए और सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तहसीलदार सविता यादव, कोतवाली टीआई अशोक सिंह परिहार, उपनिरीक्षक उदय चंद्र करिहार, चौकी प्रभारी खुटार शीतला यादव सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जाम खुलवाया।

ग्रामीण महिला रेनू शाह ने बताया कि चार महीनों से कोटेदार अंगूठा लगवा लेते हैं लेकिन राशन नहीं देते। इसी कारण बच्चों के भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है। अन्य ग्रामीणों ने भी कोटेदार पर समान आरोप लगाते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की।
इस विषय पर खाद्य अधिकारी पी.सी. चंद्रवंशी ने बताया कि विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार दुकान पर नियमित रूप से राशन भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों को यदि वास्तव में राशन नहीं मिला है, तो इसकी जांच कर दोषी कोटेदार पर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा जांच के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो विरोध और उग्र रूप ले सकता है। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में उचित मूल्य दुकानों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button