मध्य प्रदेशसिंगरौली

अज्ञात वाहन की टक्कर से गाय का बछड़ा घायल

गौ सेवा संस्थान ने पहुंचकर किया उपचार, आवारा पशुओं की समस्या फिर हुई उजागर

 

सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित स्टेट बैंक के पीछे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर खड़े गाय के बछड़े को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे में बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर गौ सेवा संस्थान की टीम मौके पर पहुंची और घायल पशु का उपचार शुरू किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में आवारा मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और नगर निगम की ओर से स्थिति सुधारने के ठोस प्रयास दिखाई नहीं देते। लोगों का कहना है कि कई पशुपालक दूध निकालने के बाद मवेशियों को सड़क पर छोड़ देते हैं, जिससे वे सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। वहीं वाहन चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही भी हादसों को बढ़ावा दे रही है।

शहर में गौशाला तो बनी हुई है, लेकिन संसाधनों और स्थान की कमी के कारण आवारा पशुओं की पर्याप्त देखभाल नहीं हो पा रही। इससे जहां किसानों की फसलें नुकसान का सामना कर रही हैं, वहीं सड़क दुर्घटनाओं में पशु और राहगीर दोनों घायल हो रहे हैं।
गौ सेवा संस्थान के सदस्यों ने बताया कि वे लगातार घायल मवेशियों का उपचार कर रहे हैं, लेकिन बेहतर व्यवस्था और पर्याप्त स्थान न होने के कारण मुश्किलें बढ़ रही हैं। संस्थान ने शहरवासियों और प्रशासन से सहयोग की अपील की है।

स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि शहर की गलियों और मुख्य मार्गों पर बैठे मवेशी आम लोगों के लिए रोजाना परेशानी का कारण बनते हैं।घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने गौ सेवा संस्थान की त्वरित सेवा की सराहना करते हुए आगे भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

Author

Related Articles

Back to top button