विधायक रीती पाठक ने रियो संसदीय ग्रीन इन्वेस्टमेंट समिट में किया भारत का प्रतिनिधित्व…

विधायक रीती पाठक ने रियो संसदीय ग्रीन इन्वेस्टमेंट समिट में किया भारत का प्रतिनिधित्व…
सीधी
सीधी विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व लोकसभा सांसद श्रीमती रीती पाठक ने ब्राज़ील के रियो डी जेनेरियो में आयोजित “रियो संसदीय ग्रीन इन्वेस्टमेंट समिट 2025” में सक्रिय भागीदारी कर भारत का गौरव बढ़ाया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 35 से अधिक देशों के सांसदों, नीति विशेषज्ञों और जलवायु वित्त निवेशकों ने हिस्सा लिया।
समिट में वैश्विक स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु वित्त निवेश और हरित अर्थव्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
श्रीमती पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि- भारत के लिए ये गर्व की बात है कि हमारी राष्ट्रीय योजनाएँ जैसे पीएम-कुसुम योजना, पीएम सूर्य घर योजना, और ऊर्जा दक्ष एमएसएमई कार्यक्रम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही जा रही हैं। ये योजनाएँ न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर को भी बेहतर बना रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सांसद समुदायिक ग्रीन एनर्जी ज़ोन में निवेश को प्रोत्साहित कर रोज़गार सृजन, महिलाओं के सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बना सकते हैं।
भारत की भूमिका पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि- यह आयोजन हमारे देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे भारत को हरित ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
श्रीमती पाठक ने बताया कि मध्य प्रदेश में सौर सिंचाई, छत ऊर्जा (रूफटॉप सोलर) और ऊर्जा दक्ष एमएसएमई योजनाएँ ग्रामीण समृद्धि को नई गति दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सामुदायिक हरित ऊर्जा मॉडल पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है।
समिट के दौरान उन्होंने विभिन्न देशों के सांसदों और निवेशकों से संवाद करते हुए कम लागत वाली वित्तीय सहायता जुटाने और स्थानीय स्वच्छ ऊर्जा समाधानों के विस्तार पर चर्चा की।













