बालाघाट में नक्सलियों का अब तक का सबसे बड़ा डंप बरामद, 11.57 लाख नगद व अत्याधुनिक हथियार जब्त

बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों की निशानदेही पर जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नक्सलियों का अब तक का सबसे बड़ा डंप बरामद किया गया है।
पुलिस को इस डंप से 11 लाख 57 हजार रुपये नगद, सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, ग्रेनेड लॉन्चर, बड़ी संख्या में कारतूस, डेटोनेटर, बारूद व अन्य विस्फोटक सामग्री मिली है। इसके अलावा मेडिकल किट और अन्य उपयोगी सामान भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने जंगल में अलग-अलग स्थानों पर बॉक्सों में हथियार, विस्फोटक और नगदी जमीन के नीचे दबाकर रखी थी। सुरक्षा बलों ने सटीक इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस खजाने को बाहर निकाला।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है और इससे क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। ऑपरेशन आगे भी जारी है।













