देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जौनपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, इकलौते बेटे ने बुजुर्ग माता-पिता की हत्या कर शव गोमती में फेंके

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसों के विवाद में कलयुगी इकलौते बेटे ने अपने ही बुजुर्ग माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी और शवों को बोरे में भरकर गोमती नदी में फेंक दिया। यह सनसनीखेज घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव की है।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी पुत्र अम्बेश कुमार ने प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद घर में आर्थिक विवाद बढ़ गया था। 8 दिसंबर की रात करीब 8 बजे पैसों को लेकर हुए झगड़े के दौरान उसने अपने माता-पिता श्याम बहादुर और बबिता देवी के सिर पर सिलबट्टे से वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों शवों को बोरे में भरकर गोमती नदी में फेंक दिया गया।

 

घटना के पांच दिन बाद वाराणसी में रहने वाली बेटी वंदना देवी ने 13 दिसंबर को जफराबाद थाने में माता-पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 8 दिसंबर से माता-पिता लापता हैं और भाई अम्बेश उन्हें खोजने निकला है, जो खुद भी लापता बताया जा रहा था।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन टीमें गठित कीं। जांच के दौरान संदेह के आधार पर सोमवार की शाम आरोपी अम्बेश कुमार को घर के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने हत्या की चौंकाने वाली वारदात का खुलासा कर दिया।एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर गोमती नदी से शवों की बरामदगी का प्रयास जारी है।इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button