कटनी में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: भाजपा नेता अशोक विश्वकर्मा के भाई के ठिकानों पर तड़के छापे

कटनी। मध्य प्रदेश भाजपा के नेता एवं कटनी जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा के भाई शंकर लाल विश्वकर्मा के यहां आयकर विभाग की टीम ने बुधवार तड़के छापामार कार्रवाई की। मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की कार्रवाई सुबह करीब 4 बजे से शुरू हुई।
आयकर विभाग की टीम ने शंकर लाल विश्वकर्मा की फर्म, माइनिंग से जुड़े ठिकानों और आवास पर एक साथ छापे मारे। शंकर लाल विश्वकर्मा माइनिंग कारोबारी बताए जा रहे हैं। विभाग द्वारा आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा की मां का निधन हुआ था। तेरहवीं के ठीक तीसरे दिन आयकर विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है और दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है।













