देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ऋषिकेश में दर्दनाक सड़क हादसा: कार–ट्रक टक्कर में चार की मौत

ऋषिकेश। उत्तराखंड के हरिद्वार–ऋषिकेश मार्ग पर मनसा देवी मंदिर के रेलवे फाटक के पास मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई और उसके नीचे घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक ने अचानक सड़क पर आए एक जानवर को बचाने की कोशिश की, इसी दौरान वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक से टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। क्रेन की मदद से कार को ट्रक से अलग किया गया और काफी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस के मुताबिक कार मालिक की पहचान सोनू कुमार निवासी चंद्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दो मृतकों की पहचान धीरज जायसवाल (30) निवासी चंद्रेश्वर नगर और हरिओम (22) निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button