सुशासन सप्ताह के तहत गांवों तक पहुंचा प्रशासन
जिले की पंचायतों में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित

सिंगरौली -मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय बल्लभ भवन के निर्देशानुसार सिंगरौली जिले में “सुशासन सप्ताह–प्रशासन गांव की ओर 2025” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक जिलेभर में संचालित होगा। आयोजन कलेक्टर श्री गौरव बैनल के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमें के देखरेख में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की अंतिम छोर तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना है। साथ ही जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता को सुदृढ़ करना तथा शासन और नागरिकों के बीच विश्वास एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है।सुशासन सप्ताह के अंतर्गत सेवा प्रदाय में सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य स्तरीय पोर्टलों पर दर्ज जनशिकायतों, विशेषकर सीपीग्राम पोर्टल पर लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। नागरिक चार्टर के अद्यतन एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसी क्रम में जिले की ग्राम पंचायत खोखवा, कपुरदेई, अगरहवा सहित अन्य पंचायतों में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में नागरिकों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए गए। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने आवेदनों का निराकरण किया तथा पात्र हितग्राहियों का परीक्षण कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।













