मध्य प्रदेशसिंगरौली

हिर्रवाह मार्ग स्थित पुल से डूबे किसान का शव पांचवें दिन बरामद

सिंगरौली-सिंगरौली जिले के हिर्रवाह मार्ग स्थित पुल के नीचे पानी में डूबे किसान रामजतन साकेत का शव सोमवार को पांचवें दिन बरामद कर लिया गया। एसडीईआरएफ, होमगार्ड, पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा चार दिन से जारी सघन सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह शव पुल के नीचे नदी में मिला।

रामजतन साकेत पिछले चार दिनों से लापता थे और उनकी तलाश के लिए लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा था। बचाव दल ने नदी के दोनों किनारों और आसपास के इलाकों में गहन छानबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। सोमवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने पुल के नीचे नदी में एक शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला, जिसे पहचान परिजनों ने रामजतन साकेत के रूप में की।
बताया गया कि रामजतन साकेत की किराना दुकान पुल के पास स्थित थी। लगभग चार दिन पहले वह गुटखा खाने के बाद पुल की ओर गए थे, जहां किसी व्यक्ति ने उन्हें पुल के नीचे पानी में डूबते हुए देखा था। इसके बाद से ही वह लापता थे।

घटनास्थल नगर निगम जिला मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और परिवारजनों ने रामजतन की मौत को लेकर कई सवाल उठाए हैं और घटना की सही वजह जानने की मांग की है। रामजतन साकेत के निधन से इलाके में शोक की लहर है और उनके परिवार के लिए यह कठिन समय है।

Author

Related Articles

Back to top button