मध्य प्रदेशसिंगरौली

कन्या महाविद्यालय में एबीवीपी का प्रदर्शन, छात्राओं ने उठाई छह सूत्रीय मांगें

सिंगरौली-जिले के शासकीय कन्या महाविद्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले 50 से अधिक छात्राओं ने कॉलेज गेट के बाहर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं और अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध जताया। यह प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला।

छात्र संघ अध्यक्ष गुंजन भारती ने बताया कि कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है। उन्होंने कहा कि कॉलेज गेट पर चौकीदार की तैनाती नहीं की गई है, जिससे बाहरी व्यक्तियों का कॉलेज परिसर में प्रवेश आसान हो जाता है, जो छात्राओं की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकता है। इसके अलावा, छात्राओं ने कॉलेज में सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सभागार की सुविधा न होने पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि यह मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।
इसके अलावा, कॉलेज में लाइब्रेरी की उचित व्यवस्था न होने के कारण छात्राओं को पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ता है। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाली छात्राओं के लिए परिवहन की सुविधा न होने से उनकी नियमित उपस्थिति प्रभावित हो रही है।

कॉलेज के प्राचार्य एमयू सिद्दीकी ने छात्राओं की मांगों को जायज ठहराया और कहा कि कॉलेज प्रबंधन इन व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के विकास के लिए सरकार से 13 लाख 36 हजार रुपए का बजट मांगा गया है। साथ ही, सभागार निर्माण के लिए पीआईयू को पत्र लिखकर रोडमैप तैयार करने का अनुरोध किया गया है ताकि डीएफ मद से इसका निर्माण कराया जा सके।

छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगी। उनके अनुसार, कॉलेज में छात्राओं की बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है और वे इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेंगी।इस प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन के लिए यह एक महत्वपूर्ण संकेत है कि छात्राओं की सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुधारने की दिशा में तेज़ कदम उठाने की आवश्यकता है।

Author

Related Articles

Back to top button