पचौर इलाके में चोरों का आतंक, सात दुकानों को बनाया निशाना, दो लाख से अधिक का सामान पार
छत काटकर और ताले तोड़कर की वारदात, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

सिंगरौली। बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र के पचौर इलाके में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। आरटीओ कार्यालय के सामने स्थित परिवहन सलाहकारों की सात दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश यहां से कंप्यूटर, लैपटॉप और इन्वर्टर बैटरी सहित करीब दो लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर ले गए।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह परिवहन सलाहकार अपनी दुकानों पर पहुंचे। दुकानों के ताले टूटे और सामान बिखरा देख व्यापारियों के होश उड़ गए। परिवहन सलाहकार गप्पू शुक्ला ने बताया कि चोरों ने कुछ दुकानों की छत की सीट काटकर अंदर प्रवेश किया, जबकि अन्य दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की गई।
सूचना मिलते ही बैढ़न कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।
नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चार दुकानों से सामान चोरी होने की पुष्टि हुई है, जबकि तीन दुकानों के केवल ताले तोड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि रात में गश्त की कमी इस वारदात का एक कारण हो सकती है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।













