सीबीआई अधिकारी बनकर एसएससी कार्यालय में घुसे 3 युवक गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र और पहचान-पत्र बरामद

कोलकाता। नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले कथित गिरोह से जुड़े 3 युवकों को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील निजाम पैलेस परिसर में दाखिल हुए और स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (एसएससी) के कार्यालय से गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की। पुलिस को संदेह है कि आरोपी केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उम्मीदवारों से पैसे वसूलने वाले गिरोह का हिस्सा हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिप्राशी बसु, शुभम सरकार और पल्लव मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से फर्जी सीबीआई पहचान-पत्र, भारत सरकार का लोगो और बोर्ड लगी एक लग्जरी कार तथा विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के नाम से तैयार किए गए कथित फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद हुए हैं।
भारत सरकार का बोर्ड लगी कार से पहुंचे थे आरोपी
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों आरोपी मंगलवार को ऐसी कार से निजाम पैलेस पहुंचे, जिसके आगे और पीछे भारत सरकार लिखा हुआ था। सरकारी पहचान वाले बोर्ड के कारण सुरक्षा जांच के बाद वाहन को परिसर में प्रवेश मिल गया। इसके बाद तीनों सीधे एसएससी कार्यालय पहुंचे और खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। बिप्राशी बसु ने खुद को डीएसपी रैंक का अधिकारी बताया, जबकि अन्य दोनों ने इंस्पेक्टर होने का दावा किया।
गोपनीय दस्तावेज मांगने पर हुआ शक
एसएससी सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने अधिकारियों से कहा कि वे हाल ही में आयोग के माध्यम से सरकारी नौकरी पाने वाले कुछ उम्मीदवारों की नियुक्तियों की जांच कर रहे हैं। इसी बहाने उन्होंने उम्मीदवारों की सूची, दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारियां मांगीं। शुरुआत में उनके व्यवहार पर किसी को संदेह नहीं हुआ, लेकिन जब उन्होंने गोपनीय रिकॉर्ड हासिल करने पर जोर दिया तो एसएससी अधिकारियों को शक हुआ।
पहचान-पत्रों की जांच के दौरान भी कई बातें संदिग्ध लगीं। अधिकारियों ने तीनों को एक कमरे में रोककर पूछताछ की। इस दौरान उनके जवाबों में विरोधाभास सामने आए। इसके बाद भवानीपुर थाने को सूचना दी गई।
सीबीआई से पुष्टि के बाद गिरफ्तारी
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाद में सीबीआई से पुष्टि की गई कि गिरफ्तार किए गए युवकों में से कोई भी इस केंद्रीय जांच एजेंसी से जुड़ा नहीं है। आरोपियों की कार और बैग की तलाशी में कथित फर्जी नियुक्ति पत्र भी मिले।
पुलिस को आशंका है कि गिरोह केंद्र सरकार के विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता था और फर्जी नियुक्ति पत्रों के जरिए उनसे रकम वसूलता था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके वास्तविक उद्देश्य, संभावित ठगी के मामलों और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।













