देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नोटबंदी भाजपा के लिए बनेगी ‘वोटबंदी’, यूपी में लड़ाई 95-5 की होगी : अखिलेश यादव

 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी के 10 साल पूरे होने पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने नोटबंदी को ‘भ्रष्टाचार का महासागर’ बताते हुए आरोप लगाया कि इस फैसले ने देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और छोटे कारोबारियों से लेकर आम जनता तक को परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी भाजपा के लिए अब ‘वोटबंदी’ साबित होगी। उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी लड़ाई को लेकर उन्होंने कहा कि मुकाबला 80-20 या 20-80 का नहीं, बल्कि 95-5 का होगा। अखिलेश लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी के समय केंद्र सरकार ने जो बड़े-बड़े दावे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। उनके मुताबिक, आज बाजार में नकदी का चलन फिर बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी के कारण कई छोटे-बड़े कारखानों पर ताले लग गए और अनेक उद्योग अब तक उस नुकसान से उबर नहीं पाए हैं। बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आम लोगों के खातों से पेनल्टी के नाम पर पैसा काटा जा रहा है। उन्होंने इसे आम खाताधारकों के लिए नुकसानदेह बताया।

खजांची का जिक्र कर भाजपा पर तंज

नोटबंदी के दौरान बैंक की कतार में जन्मे बच्चे ‘खजांची’ का जिक्र करते हुए अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि खजांची अब 10 साल का हो गया है, लेकिन भाजपा ने आज तक उसका जन्मदिन नहीं मनाया। अखिलेश के अनुसार, उसकी पढ़ाई-लिखाई और देखभाल समाजवादी परिवार कर रहा है। उन्होंने 2,000 रुपये के नोट का जिक्र करते हुए भी टिप्पणी की और कहा कि खजांची कभी-कभी पूछता है कि उसके साथ जन्मे नोट वाले मित्र का क्या हुआ।

अखिलेश ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता 2047 की बात कर रहे हैं, जबकि उनके अनुसार नोटबंदी जैसे फैसलों ने अर्थव्यवस्था को पीछे धकेला। उन्होंने अपने आरोपों पर भाजपा नेताओं को खुली बहस की चुनौती भी दी।

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर भी उठाए सवाल

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और करीब 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की आशंका को लेकर भी सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाए। उन्होंने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा कि एक ओर 1.27 करोड़ रुपये के गांजे की बरामदगी की खबरें आ रही हैं, तो दूसरी ओर 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की आशंका जताई जा रही है।

मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने मतदाताओं को मजबूत मेटल कार्ड देने और सूची को आधार से जोड़ने का सुझाव दिया। साथ ही मतदान के दौरान पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन व्यवस्था लागू करने की बात कही।

कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना

अखिलेश ने डिजिटल इंडिया, डिजिटल भुगतान और बैंकिंग सुधारों को लेकर भी भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने और कॉपी-पेस्ट की राजनीति कर रही है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उन्होंने योगी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय स्थापित पुलिस रिस्पांस सिस्टम को मौजूदा सरकार ने कमजोर कर दिया है। अखिलेश ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर न्यायालयों की टिप्पणियों का भी उल्लेख किया और सपा नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने का आरोप लगाया।

अंत में उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है और आगामी चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।

Author

Related Articles

Back to top button