देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कोलकाता एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट को हाईजैक की धमकी, टॉयलेट में मिला नोट

 

कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विमान टेक-ऑफ की तैयारी कर रहा था, तभी पायलट को धमकी के बारे में जानकारी मिली। उसने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किया। एटीसी के निर्देश पर विमान को अलग स्थान पर ले जाया गया, जहां सुरक्षा कर्मियों ने उसकी जांच शुरू की।

विमान से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला

सूत्रों के अनुसार, मुंबई जाने वाली इस फ्लाइट में 92 यात्री सवार थे। टॉयलेट में मिले नोट में विमान को हाईजैक करने की चेतावनी लिखी होने की बात सामने आई है। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में घबराहट का माहौल रहा।

विमान की तलाशी के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है। हालांकि, इस मामले में एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

गौरतलब है कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी कोलकाता एयरपोर्ट पर लगातार 2 बार बम की धमकी मिली थी। 23 अक्टूबर को टिश्यू पेपर पर लिखी धमकी मिलने के बाद सुरक्षा जांच की गई थी। इसके अगले दिन 24 अक्टूबर को थाईलैंड के फुकेत से कोलकाता आ रही इंडिगो की फ्लाइट के वॉशरूम के शीशे पर बम की धमकी लिखी मिली थी।

दोनों मामलों में सघन जांच के बावजूद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। ताजा घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई है।

Author

Related Articles

Back to top button