जबलपुर में सरकारी आवास में मृत मिले प्रधान आरक्षक, फांसी लगाने की आशंका

जबलपुर। मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ 56 वर्षीय प्रधान आरक्षक सुरेश चौधरी मंगलवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अपने सरकारी आवास में मृत पाए गए। वे रांझी थाने में पदस्थ थे और आवास में अकेले रहते थे। प्रारंभिक तौर पर फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
सुबह से बंद था आवास का दरवाजा
सीएसपी सोनू कुर्मी के अनुसार, पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली थी कि सुरेश चौधरी सुबह से अपने आवास के अंदर हैं। देर रात पड़ोस में रहने वाले एक साथी पुलिसकर्मी ने उनके दरवाजे पर दस्तक दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो सुरेश चौधरी का शव फंदे पर लटका मिला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई।
पारिवारिक विवाद की भी जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पड़ोसियों ने बताया कि सुरेश चौधरी पिछले कुछ दिनों से परेशान थे। उनकी परेशानी के पीछे पारिवारिक विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी देर रात जबलपुर पहुंच गए थे।













