शराब पीने से रोकने पर युवक ने पानी की टंकी से लगाई छलांग, मौत

भोपाल। राजधानी के गुनगा गांव में शराब पीने से रोकने पर 20 वर्षीय युवक ने पानी की ऊंची टंकी से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से गंभीर चोटें आने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान युवक का भाई भी उसे समझाने और बचाने के लिए टंकी पर चढ़ा था, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उसे छलांग लगाने से नहीं रोक सका।
शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
मृतक की पहचान शंकर अहिरवार (20) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, शंकर को शराब पीने की आदत थी और इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी परिजनों ने उसे शराब पीने से रोका था। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गया और गांव के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया।
भाई ने काफी देर तक समझाया
शंकर को टंकी पर चढ़ा देखकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। इसी दौरान उसका भाई भी उसे बचाने की कोशिश में टंकी पर चढ़ गया और नीचे आने की मिन्नतें करने लगा। इसके बावजूद शंकर नहीं माना और भाई के सामने ही टंकी से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर गुनगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगा रही है।













