बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर महिला क्लर्क से छेड़छाड़ और अश्लील संदेश भेजने का आरोप

करीब एक साल से परेशान करने और पीछा करने की महिला ने की शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया मामला; डॉक्टर ने भी महिला के भाई के खिलाफ कराई एफआईआर

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर के खिलाफ महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ करने, पीछा करने और मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर उसे करीब एक साल से लगातार परेशान कर रहा था। शिकायत के आधार पर लार्डगंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला क्लर्क के मुताबिक, डॉक्टर उसके कार्यालय आने-जाने के दौरान पीछा करता था। आरोप है कि वह कई बार उसके केबिन में घंटों बैठा रहता और मोबाइल पर चैटिंग के माध्यम से प्यार का इजहार करने के साथ आपत्तिजनक संदेश भेजता था। महिला ने कई बार इन हरकतों का विरोध किया, लेकिन कथित तौर पर उसका परेशान करना बंद नहीं हुआ।

लगातार हो रही घटनाओं से परेशान होकर महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मंगलवार रात वह परिवार के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैं।

डॉक्टर की शिकायत पर महिला के भाई के खिलाफ भी मामला

इस प्रकरण में एक दूसरा पक्ष भी सामने आया है। इससे पहले डॉक्टर ने महिला के भाई के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया है कि महिला के भाई ने जब डॉक्टर से इस मामले को लेकर बात करने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद हो गया। डॉक्टर ने रविवार को लार्डगंज थाने पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के भाई के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है।

इसके बाद मंगलवार को महिला ने डॉक्टर के खिलाफ अपनी शिकायत पुलिस को सौंपी। इस तरह मामला अब दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच के दायरे में है।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही पुलिस

सीएसपी अखिलेश गौर के अनुसार, महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button