जबलपुर में एआईएमआईएम को झटका, करीब 50 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
दिलशाद आलम के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ता, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने दिलाई सदस्यता

जबलपुर। शहर में एआईएमआईएम को उस समय राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी से जुड़े करीब 50 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। दिलशाद आलम के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने वालों में मुस्ताक अहमद, इमरान शेख, सुल्तान खान, मोहम्मद इरशाद और शेख गुफरान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाकर संगठन में उनका स्वागत किया।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें रितेश गुप्ता, समर्थ अवस्थी, अशरफ मंसूरी, आरिफ बेग, मसूद नबी, हासिम खान, रंजीत ठाकुर, अन्नू यादव, जितेंद्र यादव और इमरान हुसैन प्रमुख रूप से शामिल थे।
संविधान और सामाजिक सद्भाव पर जोर
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान के मूल्यों की रक्षा, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों को सम्मान के साथ संगठन में काम करने और जिम्मेदारियां निभाने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ शहर की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर भी जोर दिया।
रोजगार, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं के मुद्दे उठाएंगे
कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे शहर की बुनियादी समस्याओं, रोजगार, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे। उन्होंने प्रशासन के समक्ष जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से रखने और वार्ड स्तर पर लोगों से सीधा संवाद बढ़ाने की बात कही।
कार्यकर्ताओं ने आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने की योजना भी जताई। इस घटनाक्रम को जबलपुर में कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।













