अलाव की लकड़ी में लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप
आप नेता राजेश सोनी ने नगर निगम पर लगाए गंभीर आरोप, RTI के बाद भी जानकारी नहीं मिलने की कही बात

सिंगरौली। आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश सोनी ने नगर निगम सिंगरौली पर अलाव जलाने के लिए खरीदी गई लकड़ी में लाखों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पिछले तीन महीनों से वार्डों में अलाव जलाने के नाम पर केवल कागजी कार्रवाई की गई, जबकि वास्तविक रूप से लकड़ी की आपूर्ति नहीं की गई।
राजेश सोनी ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के बाद उन्होंने सूचना का अधिकार (RTI) के तहत उन वार्डों की जानकारी मांगी थी, जहां ठंड के मौसम में लकड़ी गिराई गई। साथ ही उन्होंने लकड़ी की सप्लाई की मात्रा, संबंधित संविदाकार के वर्क ऑर्डर और भुगतान की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी नगर निगम द्वारा कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद उन्होंने अपीलीय अधिकारी के समक्ष भी अपील की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं दी गई है।
राजेश सोनी ने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि नगर निगम में अलाव की लकड़ी के नाम पर लाखों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।













