बंधा कोल ब्लॉक में हैवी ब्लास्टिंग से गिरा मकान, 17 वर्षीय छात्र की मौत

सिंगरौली। जिले के बंधा कोल ब्लॉक क्षेत्र में हैवी ब्लास्टिंग के दौरान मकान गिरने से 17 वर्षीय छात्र देवेश गुप्ता की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील गुप्ता के पुत्र के रूप में हुई है। वह बैढ़न स्थित उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 11वीं का छात्र था। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।
मृतक के बाबा और परिजनों ने बंधा कोल ब्लॉक कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यदि कंपनी समय पर मुआवजे की राशि दे देती और परिवार का व्यवस्थित विस्थापन कर दिया जाता, तो आज देवेश की जान नहीं जाती। परिजनों ने आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से भुगतान नहीं किए जाने के कारण पहले भी लोग समय पर इलाज नहीं करा सके और रामधनी वैश्य सहित कई लोगों की मौत हो चुकी है।

घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, प्रभावित परिवारों का व्यवस्थित विस्थापन कराने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। हैवी ब्लास्टिंग और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।













