बरहपान हादसे के पीड़ित परिवारों को सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने दी तत्काल आर्थिक सहायता

मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख और घायलों को 25-25 हजार रुपये के चेक सौंपे, जिला अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
सिंगरौली/ जिले के बरहपान ग्राम में मकान ढहने से विश्वकर्मा परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत और चार लोगों के घायल होने की घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे की जानकारी मिलते ही सीधी-सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
सांसद डॉ. मिश्रा जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाररत घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सांसद ने रेडक्रॉस के माध्यम से प्रत्येक मृतक के परिजन को एक-एक लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी लेते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सांसद ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।













