दीपावली पर पटाखे फोड़ने के दौरान पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला, 5 आरोपियों पर मामला दर्ज

सिंगरौली। विंध्यनगर थाना क्षेत्र के नवजीवन विहार सेक्टर-01 में दीपावली की रात पटाखे फोड़ने के दौरान पुराने विवाद को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर 5 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नवजीवन विहार सेक्टर-01 निवासी अभय भारती (18) पिता बृजेश भारती ने शिकायत में बताया कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपने भाई राकेश वर्मा और दोस्तों अमित स्वीपर व अशोक वर्मा के साथ शिव मंदिर के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान ढोटी निवासी सुजीत वर्मा उर्फ छोटू, राजवीर वर्मा, अनूप वर्मा, अभिषेक वर्मा और चंदन वर्मा का भाई लाठी-डंडे और टांगी लेकर पहुंचे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने के बाद उन्होंने हमला कर दिया।
हमले में अभय के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई राकेश वर्मा के सिर, पखौरा और बाईं पसली में चोटें आईं। शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
विंध्यनगर पुलिस ने सुजीत वर्मा उर्फ छोटू सहित 5 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 351(3), 118(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की विवेचना प्रधान आरक्षक विजय खरे कर रहे हैं।













