फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक 12 नवंबर को
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में होगी बैठक

सिंगरौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के मान से जिले में फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन एवं आगामी गतिविधियों के संबंध में विचार-विमर्श के लिए 12 नवंबर 2026 को जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में 12 नवंबर को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के निर्धारित कार्यक्रम, मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन तथा पुनरीक्षण के दौरान संचालित की जाने वाली आगामी गतिविधियों के संबंध में चर्चा की जाएगी। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर बैठक में उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है।













