कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं, 123 आवेदन प्राप्त
शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

सिंगरौली,। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 123 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदकों ने अपनी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराते हुए उनके निराकरण की मांग की। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री अस्थाना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। जिन प्रकरणों में जांच की आवश्यकता है, उनमें समय-सीमा निर्धारित कर निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करते हुए आवेदकों को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत सघप्रिय,अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।













