बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

हनुमान धाम दौरज पहाड़ी पर छठे वर्ष भी सजा भव्य दीपोत्सव, हजारों दीपों से जगमगाई आस्था की पहाड़ी

हजारों श्रद्धालुओं ने किया दीपदान, युवाओं की पहल से हर वर्ष भव्य होता जा रहा आयोजन

चितरंगी विकासखंड के लमसरई क्षेत्र में स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र हनुमान धाम दौरज पहाड़ी पर इस वर्ष भी भव्य दीपोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। लगातार छठे वर्ष आयोजित इस दीपोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दीपदान किया। हजारों दीपों की रोशनी से पूरी पहाड़ी जगमगा उठी और देखते ही देखते दौरज पहाड़ी का नजारा अद्भुत और मनमोहक बन गया।

पिछले छह वर्षों से क्षेत्र के युवाओं की पहल पर आयोजित हो रहा यह दीपोत्सव अब धीरे-धीरे पूरे क्षेत्र की एक विशेष पहचान बनता जा रहा है। वर्ष 2026 के आयोजन में युवा साथियों के साथ प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, माताएं-बहनें और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने हनुमान धाम पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए और दीप प्रज्ज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

दीपोत्सव के दौरान हजारों दीपों से रोशन पहाड़ी का दृश्य देखते ही बन रहा था। चारों ओर श्रद्धा और आस्था का वातावरण दिखाई दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो दौरज पहाड़ी पर दीपों की अविरल धारा प्रवाहित हो रही हो।

इस पूरे आयोजन के प्रभारी युवा समाजसेवी उमाशंकर सिंह बैस रहे, जबकि सुनील सिंह ने संयोजक की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। मार्गदर्शक मंडली, दीपोत्सव समिति के सदस्यों, सहयोगियों, प्रबुद्धजनों, क्षेत्र के युवाओं, गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आयोजन को सफल बनाया गया।

कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी उमाशंकर सिंह बैस ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हनुमान धाम पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र है और बजरंगबली का आशीर्वाद क्षेत्रवासियों पर सदैव बना रहता है। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों से दीपोत्सव के माध्यम से इस धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हनुमान धाम दौरज पहाड़ी के विकास और दीपोत्सव को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए क्षेत्रवासियों के सुझाव भी आमंत्रित किए गए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से इस संबंध में अपने सुझाव साझा करने की अपील की गई है।

उमाशंकर सिंह बैस ने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं तथा अपना समय और सहयोग देने वाले साथियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के सहयोग के बिना इतना बड़ा आयोजन संभव नहीं था। युवा शक्ति ही इस धाम और इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है।

छठे वर्ष के सफल आयोजन के साथ ही हनुमान धाम दौरज पहाड़ी का दीपोत्सव क्षेत्र में आस्था, सामाजिक सहभागिता और युवाओं की एकजुटता का मजबूत प्रतीक बनकर उभर रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button