शक्तिनगर में युवक ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
योगीचौरा में देर रात हुई घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच

सिंगरौली- शक्तिनगर थाना क्षेत्र के योगीचौरा में सोमवार देर रात एक 25 वर्षीय युवक ने घर के अंदर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची शक्तिनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार योगीचौरा निवासी सूर्य प्रताप शर्मा (25), पुत्र के.सी. शर्मा सोमवार देर रात अपने घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में सीलिंग फैन से गमछे के सहारे लटके मिले। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने पर शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।













