नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला देवी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न, जनहित के प्रस्तावों पर लगी मुहर

सिंगरौली। नगर परिषद बरगवां की साधारण परिषद बैठक गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला देवी ने की। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित सभी पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। परिषद की इस बैठक में शहर के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।बैठक में विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण, सीसी रोड, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, जल निकासी, स्वच्छता कार्य, जलकार्य सामग्री प्रदाय सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। परिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विकास कार्यों और सामग्री प्रदाय हेतु जारी निविदाओं में प्राप्त न्यूनतम दरों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
परिषद के निर्णयों से बरगवां नगर में विकास कार्यों को गति मिलेगी। खासतौर पर बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया है, ताकि जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके। सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था में सुधार से आमजन की दैनिक परेशानियां कम होंगी।अध्यक्ष प्रमिला देवी ने कहा कि नगर परिषद बरगवां नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। परिषद का लक्ष्य है कि विकास कार्य हर वार्ड तक पहुंचे और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के समन्वय से नगर में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ सुदृढ़ किया जा रहा है। परिषद के निर्णयों से नागरिकों को शीघ्र लाभ मिलने की उम्मीद है।













