ऑपरेशन मुस्कान के तहत 72 घंटे में नाबालिग बालिका बरामद

सिंगरौली। थाना सरई पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत अपहृत नाबालिग बालिका को 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से परिवारजनों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सरई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री 14 फरवरी की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारी में तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 85/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की शीघ्र बरामदगी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन से भी किसी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराने की अपील की गई है।













