कुर्सा–करथूआ मार्ग के जंगल में भीषण आग, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल

सिंगरौली। कुर्सा से करथूआ जाने वाले मार्ग के बीच स्थित जंगल में आज सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जंगल में आग लगा दी गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
आग बुझाने के लिए स्थानीय स्तर पर ही प्रयास शुरू किए गए। इस दौरान जिला पंचायत के पूर्व प्रत्याशी एवं क्षेत्र में “जिला” नाम से प्रसिद्ध रामकृपाल सिंह तथा ग्रामीण महावीर बैगा ने अन्य लोगों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस आगजनी की घटना में जंगल के छोटे-बड़े पेड़-पौधे तथा कई निर्दोष जीव-जंतु जलकर नष्ट हो गए। घटना ने वन सुरक्षा और प्रशासनिक तत्परता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।













