मध्य प्रदेशसिंगरौली

संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा, लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

आयुष्मान भारत निरामयम योजना से वंचितों के 100% कार्ड बनाने पर जोर

सिंगरौली। Singrauli में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी कलेक्टर जगदीश गोमे ने संकल्प से समाधान अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित आवेदनों के गंभीरतापूर्वक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से मिले।

उन्होंने क्लस्टर स्तर पर आयोजित शिविरों में सार्वजनिक रूप से हितलाभ वितरण करने और शिविर में प्राप्त आवेदनों को उसी दिन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। आगामी विकासखंड स्तरीय शिविरों का वृहद स्तर पर आयोजन कर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने को भी कहा गया।

आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सभी पैरामीटर पर प्रगति सुनिश्चित करने, विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पृथक एवं स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराने तथा स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य 15 मार्च से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम को बीएलबीसी बैठकों में उपस्थित रहकर बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

आयुष्मान भारत निरामयम योजना की समीक्षा में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु आशा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के तीन दिवस में निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button