NTPC Limited विंध्याचल में आई पी एस (ओएंडएम) 2026 उपलब्धियों पर गौरव उत्सव

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने आई पी एस (ओएंडएम) कॉन्फ्रेंस 2026 में हासिल उपलब्धियों का उत्सव 21 फरवरी 2026 को डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया। कार्यक्रम टीम विंध्याचल की सामूहिक उत्कृष्टता और समर्पण का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) संजीब कुमार साहा के स्वागत से हुई। इस अवसर पर महाप्रबंधक ए.जे. राजकुमार, एम. सुरेश, एस.के. सिन्हा, डॉ. बी.के. भराली, राकेश अरोड़ा, मृणालिनी सहित विभागाध्यक्ष, यूनियन-एसोसिएशन प्रतिनिधि, लेडीज़ क्लब, वेलफेयर संस्थाएं और सीआईएसएफ अधिकारी उपस्थित रहे। उप महाप्रबंधक (आईटी) सौरभ बनौधा के बांसुरी वादन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद केक कटिंग और गुब्बारे छोड़कर सफलता का जश्न मनाया गया।
“ग्रैंड प्राइड वॉक” आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर एकजुटता का संदेश दिया। अपने संबोधन में संजीब कुमार साहा ने परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा और टीमवर्क को सफलता की कुंजी बताया। पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्चुअल संदेशों के माध्यम से कर्मचारियों और उनके परिवारों की सराहना की।
कार्यक्रम में “अवॉर्ड्स गैलरी” के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदर्शित किए गए। क्विज, खेल गतिविधियां, बच्चों के लिए जादू शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा। रविंद्र मिश्रा के गायन और भव्य रात्रिभोज के साथ समारोह का समापन हुआ। यह आयोजन संगठनात्मक गर्व और पारिवारिक एकता का प्रेरक उदाहरण बना।













