मुरैना तहसील में रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

मुरैना में ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी राजस्व निरीक्षक राकेश जैन पर किसान से जाति प्रमाण पत्र बनवाने के एवज में पैसे मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, गोपियापूरा निवासी किसान संतोष कुशवाहा अपने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने तहसील कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान आरआई राकेश जैन ने काम करने के बदले दो हजार रुपये की मांग की। किसान ने पहले एक हजार रुपये दे दिए, लेकिन शेष राशि के लिए दबाव बनाए जाने पर उन्होंने ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया। तय योजना के अनुसार किसान ने आरोपी को एक हजार रुपये दिए। जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।













