मध्य प्रदेशसिंगरौली

पीएम श्री उमावि गन्नई के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण, ज्ञान और अनुभव से हुआ सर्वांगीण विकास

सांची स्तूप से विधानसभा तक, इतिहास-संस्कृति-विज्ञान और लोकतंत्र को प्रत्यक्ष रूप से जाना

सिंगरौली-पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गन्नई द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एक प्रेरक एवं ज्ञानवर्धक एक्सपोज़र विज़िट का आयोजन किया गया। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, प्रकृति और लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझने का सशक्त माध्यम बना।

विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार साकेत के नेतृत्व में आयोजित इस भ्रमण में कांति प्रसाद तिवारी, अनुराग साहू, रामशिरोमणि विश्वकर्मा, अनीता आदिवासी, महेंद्र ठाकुर, बृजेश शर्मा, अजय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, खुशबू जेठवंत, सरोज वैश्य एवं संजय सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

भ्रमण के प्रथम दिवस विद्यार्थियों ने रायसेन जिले में स्थित विश्वविख्यात सांची स्तूप का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने बौद्ध स्थापत्य कला, अहिंसा और करुणा के संदेश के साथ भारतीय सभ्यता की गौरवशाली परंपरा को गहराई से समझा। स्तूप की शांति और शिल्पकला ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
द्वितीय दिवस विद्यार्थियों ने वन विहार, इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय, विज्ञान केंद्र और आदिवासी संग्रहालय का भ्रमण किया, जहाँ प्रकृति, जैव विविधता, मानव सभ्यता, विज्ञान और जनजातीय संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिलीं। साथ ही विधानसभा और वल्लभ भवन के भ्रमण से लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की वास्तविक समझ विकसित हुई।

यह शैक्षिक भ्रमण जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस. बी. सिंह के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय और प्रेरणादायी अनुभव बताया, जो उनके भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।

Author

Related Articles

Back to top button