फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न
प्रारूप मतदाता सूची में जिले के कुल 6 लाख 74 हजार 256 मतदाता दर्ज

सिंगरौली,। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के मान से जिले में फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पी.एस. त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के निर्धारित कार्यक्रम, मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन तथा पुनरीक्षण के दौरान संपन्न होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 74 हजार 256 मतदाता दर्ज हैं, जबकि 21 फरवरी 2026 को हुए अंतिम प्रकाशन में मतदाताओं की संख्या 6 लाख 63 हजार 761 थी। इस प्रकार जिले में कुल 10 हजार 495 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान प्रारूप मतदाता सूची में 3 लाख 53 हजार 697 पुरुष, 3 लाख 20 हजार 555 महिला एवं 4 अन्य मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति के अनुसार 79-चितरंगी में कुल 2 लाख 42 हजार 517 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 1 लाख 28 हजार 67 पुरुष एवं 1 लाख 14 हजार 450 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार 80-सिंगरौली में कुल 1 लाख 93 हजार 972 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 1 हजार 793 पुरुष, 92 हजार 177 महिला एवं 2 अन्य मतदाता शामिल हैं। वहीं, 81-देवसर विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 37 हजार 767 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 1 लाख 23 हजार 837 पुरुष, 1 लाख 13 हजार 928 महिला एवं 2 अन्य मतदाता हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र 79-चितरंगी में मतदान केंद्रों की संख्या 314, विधानसभा क्षेत्र 80-सिंगरौली में 287 तथा विधानसभा क्षेत्र 81-देवसर में 311 हो गई है।
इस प्रकार जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या प्रारूप प्रकाशन के पूर्व 911 से बढ़कर वर्तमान में 912 हो गई है। देवसर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की संख्या 310 से बढ़कर 311 हुई है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। बैठक के दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटो निर्वाचक नामावली की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्य संपन्न कराने तथा मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।











