बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : राज्यमंत्री राधा सिंह

जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 11 से 18 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन, जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी जिला सिंगरौली के जिला कार्यालय में मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने जनजातीय गौरव दिवस और जनजातीय गौरव सप्ताह के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से समाज के महान नायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने पत्रकारों का स्वागत किया। जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए विषय की रूपरेखा प्रस्तुत की और राज्यमंत्री राधा सिंह को संबोधन के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष समर बहादुर सिंह भी उपस्थित रहे।

जनजातीय नायकों के योगदान को मिले राष्ट्रीय पहचान
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। यह पहल जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष किया। उनका जीवन स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता की प्रेरणा देता है।राज्यमंत्री ने टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह सहित अन्य जनजातीय नायकों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका शौर्य और बलिदान प्रदेश की गौरवशाली विरासत है। आने वाली पीढ़ियों को इनके जीवन और संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है।

11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह
राज्यमंत्री ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश सरकार, भाजपा संगठन और जनजातीय समाज की सहभागिता से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, लोककला और परंपराओं को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना है।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। सभी जिलों में सांस्कृतिक रैलियां निकाली जाएंगी, जिनमें पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, संगीत और जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। प्रदेश के विद्यालयों और छात्रावासों में भी जयंती मनाई जाएगी। विद्यार्थियों को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी देने के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

विरासत के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
राधा सिंह ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों के प्रति जागरूकता का अभियान है। जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तीकरण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस समाज की विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रमों की तैयारी के लिए हुई बैठक
पत्रकार वार्ता के बाद जनजातीय गौरव सप्ताह के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए विशेष तैयारी बैठक हुई। इसमें मुख्य अतिथि राधा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह और जनजातीय मोर्चा जिलाध्यक्ष समर बहादुर सिंह ने मोर्चा के मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की। मंत्री और जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
बैठक में अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष सीताराम वर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऋचा सिंह, आईटी सेल प्रभारी सुरेश गिरी, मंडल प्रभारी शारदा शर्मा सहित जनजातीय मोर्चा के पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button