महापौर रानी अग्रवाल ने गनियारी छठ घाट का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

सिंगरौली। छठ महापर्व के मद्देनजर नगर निगम महापौर रानी अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 41 गनियारी स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाटों और उनके आसपास नियमित सफाई कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि घाटों की साफ-सफाई लगातार जारी रखी जाए।
महापौर ने वार्डवासियों से भी अपील की कि वे छठ महापर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्व को स्वच्छ और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 41 की पार्षद गौरी अर्जुन दास गुप्ता, पार्षद प्रतिनिधि अंश कुमार गुप्ता, संदीप सिंह, संजय केसरी, स्वच्छता उप पर्यवेक्षक अशोक त्रिपाठी सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।













