बैढ़न में श्री साई मेडिकल स्टोर पर पुलिस का छापा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां और इंजेक्शन जब्त; संचालक गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली बैढ़न पुलिस ने काली मंदिर रोड स्थित श्री साई मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। पुलिस ने दुकान से प्रतिबंधित नशीली गोलियां और इंजेक्शन बरामद कर मेडिकल स्टोर संचालक अशोक सिंह चौहान (52) को गिरफ्तार किया है। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत 4,476 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेडिकल स्टोर संचालक दुकान की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में दुकान पर दबिश दी। पूछताछ में संचालक ने अपना नाम अशोक सिंह चौहान, पिता स्वर्गीय रामचंद्र सिंह चौहान, निवासी गनियारी, बैढ़न बताया।
दुकान और काउंटर की तलाशी के दौरान पुलिस ने 32 पायवॉन स्पास प्लस टैबलेट और 320 प्रॉक्सीको स्पास टैबलेट बरामद कीं, जिनमें ट्रामाडोल 50 मिलीग्राम होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा अल्प्राजोलम 0.5 मिलीग्राम की 67 टैबलेट और पेंटाजोसिन 30 मिलीग्राम के 19 इंजेक्शन भी जब्त किए गए।
पुलिस का कहना है कि दवाओं के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज मांगे जाने पर संचालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं सीएसपी हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी, उपनिरीक्षक आर.डी. बंसल, सहायक उपनिरीक्षक पप्पू सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद द्विवेदी और मप्रआर रानी सिंह शामिल रहे।













