बैढ़न पुलिस ने सुलझाईं बाइक चोरी की 3 वारदातें, तीन मोटरसाइकिलें बरामद; युवक गिरफ्तार, नाबालिग पकड़ा गया

सिंगरौली। कोतवाली बैढ़न पुलिस ने वाहन चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए एक युवक और उसके नाबालिग साथी को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं। गिरफ्तार युवक को आदतन चोर बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम देवरा से नौगढ़ निवासी शिवशंकर शाह (34) की होंडा मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। इसके बाद 1 नवंबर को बैढ़न बस स्टैंड से देवसर निवासी शिवम गुप्ता (25) की हीरो स्प्लेंडर प्लस और 4 नवंबर को राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम के बाहर से खजुरी निवासी अजीत कुमार पाण्डेय (28) की हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। तीनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और सीएसपी हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सुरागरसी के आधार पर 10 नवंबर को धतुरा बरवा निवासी आदर्श साकेत उर्फ डी.डी. (20) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने एक विधि-विरुद्ध बालक के साथ मिलकर तीनों मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोटरसाइकिल क्रमांक MP 66 MA 8665, MP 66 MK 2815 और MP 66 M 7265 बरामद की हैं। युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय संबंधी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी, उपनिरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक मुनीन्द्र देव पाण्डेय, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, अजीत सिंह, अंकित सिंह, अमित जायसवाल और शिवम सिंह की भूमिका रही।













