45 वर्षों की उपलब्धियों के साथ एनटीपीसी विंध्याचल ने मनाया स्थापना दिवस, 20 छात्राओं को मिली साइकिल की सौगात
कस्तूरबा कन्या छात्रावास गनियारी की छात्राओं को साइकिल वितरित, सुरक्षा और गुणवत्ता की शपथ के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

विंध्यनगर। देश के विशालतम विद्युत संयंत्र एनटीपीसी विंध्याचल का 45वां स्थापना दिवस 12 नवंबर 2026 को प्रशासनिक भवन परिसर में हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने एनटीपीसी ध्वज फहराकर किया। इसके बाद एनटीपीसी गीत प्रस्तुत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने परियोजना की विकास यात्रा में योगदान देने वाले सभी विभागों और हितधारकों की सराहना की। उन्होंने विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कर्मचारियों, संविदाकारों, विक्रेताओं, आपूर्तिकर्ताओं और मीडिया के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान सुरक्षा एवं गुणवत्ता की शपथ दिलाई गई। केक काटकर और गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं।
सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वरिष्ठ प्रबंधन टीम ने कस्तूरबा कन्या छात्रावास, गनियारी बैढ़न की 20 छात्राओं को साइकिल वितरित कीं। वहीं ब्रिक्स सस्टेनेबिलिटी अभियान के अंतर्गत ईएमजी विभाग की चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में एम. सुरेश, मनीष कुमार राय, डॉ. बी.के. भराली, निर्मल कुमार सिंह, सी.बी. ओझा और टी.एन. सीतारामन सहित विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि, सुहासिनी संघ की सदस्य, कर्मचारी, उनके परिजन और सीआईएसएफ के अधिकारी-जवान मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में ए.के. श्रीवास्तव ने कविता पाठ किया। सौरभ बनौधा और उनके पुत्र ओंकार ने बांसुरी वादन से युगल प्रस्तुति दी, जबकि रविन्द्र कुमार मिश्रा ने संगीत के माध्यम से समारोह में सांस्कृतिक रंग भरे। कार्यक्रम का संचालन अनम खान और भरत तवानीया ने किया। मानव संसाधन, नगर अनुरक्षण और आईटी विभाग के सहयोग से आयोजित समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।











