पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ
विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा एवं शोध के लिए मिलेगी वित्तीय सहायता
सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना सत्र 2026-27 के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजना के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को विश्व के प्रतिष्ठित विदेशी विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्नातकोत्तर, शोध उपाधि तथा पोस्ट-पीएचडी पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, जिला सिंगरौली ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विभाग के नवीन पोर्टल mpom.mp.gov.in पर प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन करने के उपरांत ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
प्रोफाइल पंजीयन के लिए समग्र आईडी के साथ डिजिटल जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण-पत्र का लिंक होना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन लॉक करने के 15 दिवस के भीतर आवेदन का प्रिंटआउट एवं समस्त स्वप्रमाणित दस्तावेज, जैसे अंकसूची, ऑफर लेटर तथा QS रैंकिंग प्रमाण-पत्र, आयुक्त कार्यालय, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, विंध्याचल भवन, भोपाल में जमा करना होगा।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की सुविधा पूरे वर्ष उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक माह प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर मेरिट के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन एवं साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। योजना के संबंध में अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए अभ्यर्थी राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 0755-2553329 एवं 0755-2675521 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ई-मेल nodalofficerobc@mp.gov.in अथवा कार्यालय कलेक्टर, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, कलेक्ट्रेट भवन, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक-47, जिला सिंगरौली में भी संपर्क किया जा सकता है।












