कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए किसान अब 25 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीयन
30 नवंबर तक होगा पंजीकृत किसानों का सत्यापन, सीईओ जिला पंचायत ने उपार्जन तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

सिंगरौली,। जिले में समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। पूर्व में पंजीयन की अंतिम तिथि 5 नवंबर निर्धारित थी। अब इच्छुक किसान 25 नवंबर तक ई-उपार्जन पोर्टल पर अपना पंजीयन करा सकेंगे। वहीं, पंजीकृत किसानों का सत्यापन 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय ने कोदो-कुटकी उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन एवं सत्यापन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों तक पंजीयन की बढ़ी हुई समय-सीमा की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले में कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए जिला उपार्जन समिति की अनुशंसा पर 21 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें सिंगरौली नगर, माड़ा, देवसर, सरई एवं चितरंगी क्षेत्र के पंजीयन केन्द्र शामिल हैं। किसान संबंधित सहकारी समितियों के कार्यालयों में पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्रों तथा सहकारी समितियों के माध्यम से निःशुल्क पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी निर्धारित शुल्क पर पंजीयन कराया जा सकता है। शुल्क आधारित केन्द्रों पर पंजीयन के लिए अधिकतम 50 रुपये शुल्क निर्धारित है।
सिकमी, बटाईदार एवं बिना पट्टे वाले किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन संस्था स्तर पर स्थापित केन्द्रों पर किया जाएगा। ऐसे किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा। जिला प्रशासन ने कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे बढ़ी हुई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए 25 नवंबर से पूर्व आवश्यक भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड एवं अन्य पहचान पत्रों के साथ अपना पंजीयन अवश्य कराएं। साथ ही पंजीयन के बाद सत्यापन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं।











