133वें शक्ति चेतना जनजागरण शिविर को लेकर भुईमाड़ क्षेत्र में तेज हुआ प्रचार अभियान

22-23 जनवरी को पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम धाम में होगा द्विदिवसीय आयोजन
भुईमाड़। पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम धाम, भुईमाड़ में 22 एवं 23 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले 133वें द्विदिवसीय शक्ति चेतना जनजागरण योग साधना शिविर एवं सिद्धाश्रम स्थापना दिवस पर्व को लेकर क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव जाकर लोगों को शिविर में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।
शिविर का आयोजन भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय कार्यालय, सिद्धाश्रम धाम में किया जाएगा, जहां योग साधना, आध्यात्मिक चेतना एवं जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजकों का उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस पावन आयोजन से जोड़ना है, ताकि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और नैतिक मूल्यों का प्रसार हो सके।
इसी क्रम में रविवार को कुशमी तहसील क्षेत्र के घाटी टोला, पहाड़ टोला, सोनगढ़, पचपेरिया, गुप्ती टोला, देवरी, गैवटा, गोप्ती टोला, करैल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से जनसंपर्क किया। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र वितरित किए और शिविर में सहभागिता की अपील की।
आयोजकों ने बताया कि यह शिविर आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। क्षेत्रवासियों में आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।













