देर रात हाईवा और क्रेटा में आमने-सामने टक्कर, मारपीट का वीडियो वायरल

सिंगरौली। जिले के सरई नगर परिषद क्षेत्र में देर रात हाईवा और क्रेटा कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में उलझ पड़े और देखते ही देखते गाली-गलौज तथा मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें लोगों को एक-दूसरे से बहस और हाथापाई करते देखा जा सकता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, हालांकि गंभीर घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में कानून हाथ में न लें और शांति बनाए रखें।













