मध्य प्रदेशसिंगरौली

बरहट मड़री में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया भगवान श्रीराम जन्मोत्सव

कथा व्यास संतना द्विवेदी के प्रवचनों से भक्तिमय हुआ वातावरण, जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर

सिंगरौली। जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरहट महादेव मंदिर मड़री परिसर में गुरुवार को श्रीराम कथा के तीसरे दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसर को फूल-मालाओं एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया, वहीं ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथा व्यास पूज्य देवी सुश्री संतना द्विवेदी ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का अवतार अधर्म के विनाश और धर्म की स्थापना के लिए हुआ। उन्होंने बताया कि श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, मर्यादा और करुणा का प्रतीक है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरणा लेनी चाहिए। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम के जन्म का वर्णन हुआ, पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीराम की आरती की और प्रसाद वितरण किया गया। महिलाओं व बच्चों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों एवं साधु-संतों का स्वागत सम्मान किया गया।

कथा व्यास ने कहा कि आज के समय में श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज में शांति और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने परिवार में संस्कार, आपसी प्रेम और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। श्रीराम जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया और देर शाम तक भक्ति कार्यक्रम चलते रहे।

Author

Related Articles

Back to top button