एचपीव्ही वैक्सीनेशन का शुभारंभ आज
14 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिका को लगायी जायेगी एचपीव्ही वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में सहायक

सिंगरौली। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश में 14 वर्ष किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु एचपीव्ही वैक्सीनेशन का शुभारंभ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के द्वारा राजस्थान के अजमेर से संपूर्ण भारत के लिए किया जाना है। इसी तारतम्य में सिंगरौली जिले में भी एचपीव्ही वैक्सीनेशन का शुभारंभ 28 फरवरी से किया जाना है।एचपीव्ही वैक्सीनेशन हेतु 14 वर्ष की किशोरी बालिका (जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया हो किन्तु 15वां जन्मदिन न मनाया हो) लक्षित आयुवर्ग होंगी। राज्य द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल के मार्गदर्शन में जिले में संचालित जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोरवा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खुटार, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चितरंगी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बैरदह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरई एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास को सर्वप्रथम एचपीव्ही टीकाकरण हेतु सत्र बनाया गया है।
इस संबंध में डॉ० पंकज सिंह जिला टीकाकरण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एचपीव्ही वैक्सीन (Gardasil 4) सिंगल डोज में ही पूरी तरह से प्रभावी है एवं यह वैक्सीन एक डोज में ही जीवन पर्यन्त सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने वाली है, साथ ही पूर्ण रूपेण सुरक्षित है तथा एचपीव्ही वैक्सीन सर्विक्स कैंसर को रोकने में कारगर है 148 देशों में यह वैक्सीन पूर्व से लगायी जा रही है जिसका परिणाम बहुत अच्छा है तथा भारत सरकार द्वारा 2030 तक भारत में सर्वाइकल कैंसर को समाप्त करने हेतु लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने बताया कि 15 वर्ष तक आयुवर्ग की किशोरियों में एचपीव्ही संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है अतः राज्य के निर्देशानुसार 14 वर्ष की ऐसी किशोरी बालिका जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया हो किन्तु 15वां जन्मदिन नहीं मनाया हो को एचपीव्ही टीकाकरण की एक खुराक दिया जाकर सुरक्षित किया जाना है। डॉ० पुष्पराज सिंह ठाकुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सिंगरौली ने आम जनमानस से अपील की है कि आपसभी अपने 14 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को अपने नजदीकी सत्र पर लाकर एचपीव्ही टीकाकरण अवश्य करायें।













