सिंगरौली में गूंजा दंगल का शंखनाद
रामलीला मैदान में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल सीजन-7 का आगाज, पहले दिन 25 से अधिक रोमांचक मुकाबले; देर रात तक डटे रहे दर्शक

सिंगरौली। रामलीला मैदान में 28 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल सीजन-7 का भव्य शुभारंभ हुआ। दंगल के पहले दिन का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर शाह, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार, भाजपा नेता गिरीश द्विवेदी एवं नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने किया। पहले ही दिन दो दर्जन से अधिक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देश-विदेश से आए पहलवानों ने अपने दमदार दांव-पेंच दिखाए। देर शाम तक चले मुकाबलों के बावजूद मैदान में दर्शकों की भीड़ अंत तक जमी रही।
पहले ही मुकाबलों से बढ़ा रोमांच
दंगल का आगाज भूटान के चिमचिम ढोंगरा और आगरा के पहलवान के बीच मुकाबले से हुआ, जिसमें चिमचिम ढोंगरा विजयी रहीं। दूसरे मुकाबले में राजस्थान के तूफान पहलवान और हरिद्वार के शास्त्री पहलवान आमने-सामने हुए। इस रोमांचक भिड़ंत में शास्त्री पहलवान ने जीत दर्ज की।केरल के हलचल पहलवान को जम्मू के रिजवान गनी ने पराजित किया, जबकि वेस्ट बंगाल के धमाका पहलवान और प्रसांत ठाकुर के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। राजस्थान के बिल्ला पहलवान को जम्मू के फैजन गनी ने शिकस्त दी।

कई मुकाबले रहे बराबरी पर
मथुरा के कुलदीप पहलवान और समस्तीपुर (बिहार) के पंकज पहलवान के बीच हुए मुकाबले में पंकज विजयी रहे। राजस्थान के ठाकुर जल्लाद सिंह और नेपाल के राजू पहलवान का मुकाबला निष्कर्षहीन रहा।अयोध्या के बाबा नागेंद्र दास ने कुरुक्षेत्र के मुन्ना पहलवान को पराजित किया। वहीं बाबा अजमेरी (अजमेर शरीफ) और हरियाणा के जग्गु पहलवान के बीच मुकाबला बिना परिणाम के समाप्त हुआ। हरियाणा के बिल्ला पहलवान और दिल्ली के बाबा पठान के बीच भी कोई नतीजा नहीं निकल सका। हरियाणा के राहुल पाण्डेय और मुजफ्फरनगर के काली पहलवान के बीच मुकाबला भी बराबरी पर छूटा। अयोध्या के पागल बाबा ने आगरा के देवा पहलवान को हराया। वेस्ट बंगाल के सैतान सिंह को नेपाल के देवा थापा ने मात दी।
महिला पहलवानों ने भी दिखाया दम
महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। दिल्ली की वैसाली ने सिंगरौली की कात्यायनी को हराया। उत्तराखंड की कोमल और कानपुर की मोनिका मिश्रा के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा।सीधी की रिया द्विवेदी और इटावा की पूनम पहलवान के बीच मुकाबला निष्कर्षहीन रहा। दिल्ली की आकांक्षा और कानपुर की मुस्कान, हरियाणा की सरिता और कानपुर की खुशी पाल के मुकाबले भी बराबरी पर समाप्त हुए।
स्थानीय पहलवानों को मिला जोरदार समर्थन
जबलपुर के राधे और चितरंगी के अशोक सिंह का मुकाबला बराबरी पर रहा। दिल्ली के कुलदीप ने रामेश्वर केशरी को पराजित किया। हरियाणा केसरी काली पहलवान और भिंड के गौरव पहलवान का मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ। सिंगरौली के सशली ठाकुर और नीरज शाह के बीच मुकाबला निष्कर्षहीन रहा।स्थानीय दर्शकों ने अपने क्षेत्र के पहलवानों का जोरदार उत्साहवर्धन किया। हर सफल दांव पर तालियों और नारों से मैदान गूंजता रहा। आयोजन समिति के अनुसार आगामी दिनों में और भी बड़े मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन की सफलता से आयोजक उत्साहित हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन ने सिंगरौली में खेल प्रेमियों को एक बड़ा मंच प्रदान किया है।













